4 जनवरी 2020 - 12:40
हर प्रकार के युद्ध के ज़िम्मेदार भी अमरीकी होंगे और नुक़सान भी उन्हीं को उठाना पड़ेगाः ब्रिगेडियर शिकारची

ईरान की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता का कहना है कि यदि कोई युद्ध होता है तो इसके ज़िम्मेदार अमरीकी ही होंगे और नुक़सान भी उन्हीं को उठाना पड़ेगा।

ब्रिगेडियर अबुल फ़ज़्ल शिकारची ने शनिवार को मेहर समाचार एजेन्सी के साथ वार्ता में कुछ संचार माध्यमों द्वारा ईरान की ओर से अमरीका की आतंकवादी कार्यवाही का उत्तर देने की स्थिति में युद्ध की संभावना व्यक्त किये जाने पर कहा कि अमरीका की आतंकवादी कार्यवाही का बदला लेना ईरान का अधिकार है।  उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस्लामी गणतंत्र ईरान इसका बदला लेकर रहेगा।

ईरान की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता ने कहा कि हम कोई भी कार्यवाही भावनाओं के वेग में आने से या जल्बाज़ी में नहीं लेंगे।  उन्होंने कहा कि हम वही बदला लेंगे जो ईरानी राष्ट्र और स्वतंत्रता प्रेमी राष्ट्रों की इच्छा के अनुसार होगा।  ब्रिगेडियर शिकारची का कहना था कि हम एसा बदला लेंगे जिसपर अमरीका को पछतावा होगा।

इसी बीच ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की उच्च परिषद ने भी एलान कर दिया है कि शहीद जनरल क़ासिम सुलैमानी की शहादत का बदला उचित समय और स्थान पर लिया जाएगा।